चंडीगढ़। शहर में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ईमेल के जरिए कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों और एक महत्वपूर्ण सरकारी भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी भरे मेल में डीपीएस स्कूल, संत कबीर स्कूल, विवेक हाई स्कूल सेक्टर-38 और पंजाब सचिवालय को अगले दो दिनों के भीतर निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में किसी भी स्कूल परिसर या सचिवालय से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है।
पुलिस की साइबर सेल अब उस ईमेल आईडी और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है जिससे यह संदेश भेजा गया था। अधिकारियों ने जनता और अभिभावकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सचिवालय परिसर में भी प्रवेश द्वारों पर सख्ती बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले की गहन जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक महीने पहले भी शहर के लगभग 30 स्कूलों को इसी प्रकार ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी, जो बाद में फर्जी पाई गई थी। बार-बार मिल रही इन धमकियों के कारण अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में चिंता बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है और शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।