नई दिल्ली। Indian Premier League के 2026 सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इससे पहले बोर्ड ने शुरुआती 20 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया था, अब शेष 50 लीग मुकाबलों की तारीखों का भी ऐलान कर दिया गया है।
जारी शेड्यूल के अनुसार इस सीजन के मुकाबले देश के 12 शहरों में खेले जाएंगे। इनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। ऊर्जा और ईंधन संकट की आशंकाओं के बावजूद टूर्नामेंट निर्धारित योजना के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा।
आईपीएल 2026 के 19वें सीजन में कुल 8 डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। डबल हेडर के पहले मैच दोपहर 3.30 बजे से शुरू होंगे, जबकि दूसरे मैच शाम 7.30 बजे खेले जाएंगे।
पंजाब की टीम अपने घरेलू मुकाबले दो अलग-अलग मैदानों पर खेलेगी। टीम धर्मशाला में तीन मैच खेलेगी, जबकि न्यू चंडीगढ़ में भी उसके मुकाबले आयोजित होंगे। राजस्थान रॉयल्स की टीम जयपुर में चार घरेलू मैच खेलेगी।
वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने तीन घरेलू मैच बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि उसके दो मुकाबले रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
