बीजापुर। नगर में सोमवार सुबह एक पागल कुत्ते ने दहशत फैला दी। सुबह करीब सात बजे गांधी चौक क्षेत्र में यह कुत्ता अचानक सड़कों पर दौड़ने लगा और राहगीरों पर हमला कर दिया। कुछ ही घंटों में उसने आसपास के इलाकों में 18 लोगों को काट लिया। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह बेकाबू बना रहा। सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ने में सफलता पाई। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज़ इंजेक्शन लगाए गए।
डॉक्टर चलपत्ती राव ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और बच्चों को अकेले बाहर न भेजें। घटना के बाद नगर में भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।