धनबाद। झारखंड में महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा घटनाक्रम में बुधवार को धनबाद सिविल कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। अज्ञात शरारती तत्व द्वारा भेजे गए इस संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि धमकी की जानकारी मिलते ही जिला जज और पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों को सील कर वकीलों, कर्मचारियों और मुवक्किलों को परिसर से बाहर निकाला गया। स्थानीय पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। टीम ने हाजत, कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर और पार्किंग सहित सभी संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की, हालांकि देर शाम तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में पिछले कुछ दिनों से इस तरह की फर्जी धमकियां बार-बार मिल रही हैं। इससे पूर्व 12 फरवरी को रांची समाहरणालय को भी इसी प्रकार का ई-मेल मिला था, जिसमें सल्फर नाइट्रेट आधारित विस्फोटक के इस्तेमाल का दावा किया गया था। वहीं 6 फरवरी को भी रांची के अन्य प्रशासनिक भवनों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इन सभी मामलों में गहन जांच के बाद भी पुलिस को कुछ हासिल नहीं हुआ था।
पुलिस प्रशासन ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। तकनीकी टीम ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और सर्वर की पड़ताल कर रही है ताकि फर्जी सूचना फैलाने वाले आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन सभी धमकियों के पीछे किसी एक ही गिरोह का हाथ तो नहीं है।