अंबिकापुर के होटल में फायरिंग की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस ने जांच के बाद बताया महज अफवाह

अंबिकापुर। शहर के मध्य स्थित देव होटल में शुक्रवार शाम गोली चलने की खबर से सनसनी फैल गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालांकि, अधिकारियों ने जांच के बाद गोली चलने की पुष्टि नहीं की है और इसे महज एक अफवाह करार दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम देव होटल परिसर में अचानक दो राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई देने की चर्चा फैली। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की टीम सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा थी कि परिसर में हवाई फायरिंग हुई है, हालांकि इसमें किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि यह विवाद पुराने रंजिश से जुड़ा है। हनी सिंह नामक एक युवक का कुछ लोग बनारस रोड पर कार से पीछा कर रहे थे और उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया गया था। पीछा किए जाने से घबराकर हनी सिंह सीधे अपने होटल पहुंचे। इसी दौरान क्षेत्र में फायरिंग की सूचना फैल गई।

एएसपी ने होटल में फायरिंग की बात को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि मौके पर जांच के दौरान गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। उन्होंने स्थिति को सामान्य बताया और कहा कि पीड़ित पक्ष को कार से पीछा करने के मामले में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग की अफवाह किसने और क्यों फैलाई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *