घर से 74 लाख के जेवरात उड़ाने वाली महिला गिरफ्तार, फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखा था 60 तोला सोना

रमेश गुप्ता भिलाई — भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र में घर से लाखों रुपए के सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर बड़ी बरामदगी की है। आरोपी द्वारा चोरी के जेवरात फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखने का खुलासा हुआ है, जहां से भारी मात्रा में सोना जब्त किया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी एम. नचैय्या ने 21 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी

कि 2 जनवरी को उनके घर से लगभग 60 तोला सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। जांच में सामने आया कि इस वारदात को उनकी पुत्री ने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी एम. श्यामला (26 वर्ष), निवासी भिलाई भट्ठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि कुछ आभूषण उसने अपने पास रखे थे, जबकि बाकी जेवरात पावर हाउस भिलाई स्थित एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए थे।पुलिस ने पहले आरोपी के कब्जे से करीब 70 ग्राम सोना (कीमत लगभग 12 लाख रुपए) बरामद किया था। इसके बाद 23 मार्च को फाइनेंस कंपनी से 443 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत लगभग 62 लाख रुपए) जब्त किए गए। इस तरह मामले में अब तक कुल 513 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 74 लाख रुपए है, बरामद किया जा चुका है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने व्यक्तिगत आर्थिक लाभ के लिए पारिवारिक विश्वास का दुरुपयोग कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *