लिफ्ट देने के बहाने बैंक गार्ड से बंदूक लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने 24 घंटे में जशपुर से दबोचा

अंबिकापुर. सरगुजा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बैंक गार्ड से लूटी गई डबल बैरल बंदूक को मात्र 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जशपुर जिले के कसाबेल से आरोपी को धर दबोचा।

लिफ्ट देने के बहाने लूट ली थी बंदूक

मामले का विवरण देते हुए प्रार्थी अमोद कुमार एक्का (निवासी जशपुर, हाल मुकाम प्रतापपुर नाका) ने बताया कि वह पंजाब एंड सिंध बैंक में सुरक्षा गार्ड है। 8 फरवरी की दोपहर वह अपना सामान नए कमरे में शिफ्ट कर रहा था। ऑटो में जगह कम होने के कारण उसने परिवार को भेज दिया और खुद अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल ही प्रतापपुर नाका की ओर निकल पड़ा।

इसी दौरान नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार पीछे से आया और मदद के बहाने प्रार्थी को लिफ्ट देने की पेशकश की। जैसे ही गार्ड बाइक पर बैठने लगा, आरोपी उसकी बंदूक लूटकर मौके से फरार हो गया। इस शिकायत पर थाना गांधीनगर में धारा 309(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जशपुर के कसाबेल से गिरफ्तार हुआ आरोपी

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी का पीछा किया। साइबर सेल और गांधीनगर पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी जयपाल लकड़ा (45 वर्ष, निवासी बगीचा, जशपुर) को कसाबेल से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से लूटी गई बंदूक बरामद कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

टीम की सराहना

इस त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर प्रवीण कुमार द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा समेत प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, सूरज राय और आरक्षक अतुल सिंह, नितिन सिन्हा व अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *