परीक्षा देने नहीं पहुंचा छात्र, शिक्षकों ने घर जाकर देखा तो फंदे पर लटका मिला शव

Raipur Suicide Case

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 12वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। छात्र जब निर्धारित परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचा, तो शिक्षक उसे देखने घर पहुंचे। वहां दरवाजा तोड़ने पर छात्र का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें छात्र ने अपनी देह मेडिकल कॉलेज को दान करने की इच्छा जताई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र उज्ज्वल डडसेना कोरबा के एसईसीएल डीएवी स्कूल में पढ़ता था। वह रामपुर आईटीआई बस्ती में अपनी बहन और जीजा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के समय वह घर पर अकेला था, क्योंकि उसकी बहन स्कूल ड्यूटी पर और जीजा अपने काम से बाहर गए हुए थे। जब वह आज आयोजित परीक्षा में शामिल होने केंद्र नहीं पहुंचा, तो चिंतावश शिक्षक उसके निवास पर पहुंचे और घटना की जानकारी हुई।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बरामद सुसाइड नोट अंग्रेजी में लिखा गया है। इसमें छात्र ने आत्महत्या के कारणों का उल्लेख नहीं किया है, लेकिन मौत के बाद अपना शरीर मेडिकल कॉलेज को सौंपने की बात लिखी है। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *