डीएड अभ्यर्थियों का संघर्ष जारी: नियुक्ति की मांग को लेकर 81वें दिन भी अनशन, विधानसभा घेराव करने निकले तो पुलिस ने रोका

रायपुर। सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। नया रायपुर के तूता धरना स्थल पर चल रहे अनिश्चितकालीन आमरण अनशन का आज 81वां दिन है। अपनी मांगों को लेकर आज ये अभ्यर्थी दण्डवत प्रणाम करते हुए विधानसभा घेराव के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया।

मौके पर तैनात एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थी बॉन्ड भरकर अनशन पर बैठे हैं, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि यदि वे आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि डीएड अभ्यर्थी बीते 24 दिसंबर से अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उच्च न्यायालय ने 2 अप्रैल 2024 और 26 सितंबर 2025 को, जबकि सर्वोच्च न्यायालय ने 28 अगस्त 2024 को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के 2621 पदों पर डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की कथित लापरवाही के चलते आज भी 1326 पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति पाने से वंचित हैं।

अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग ने बिना दस्तावेजों के सत्यापन के ही कॉमन मेरिट सूची के आधार पर स्कूल आवंटन कर दिया, जिससे कई अपात्र लोगों को पद मिल गया और पात्र अभ्यर्थी बाहर हो गए। डीएड अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि अदालत के आदेशों का सम्मान करते हुए उन्हें शीघ्र नियुक्ति प्रदान की जाए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *