खैरागढ़। छुईखदान ब्लॉक के कुटेली खुर्द गांव में शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली विभाग के तेज रफ्तार वाहन ने 4 वर्षीय दीपांशु को कुचल दिया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक और गुस्से का माहौल है।

पहले भी की गई थीं शिकायतें
ग्रामीणों के अनुसार बिजली विभाग के वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग को लेकर वे कई बार शिकायत कर चुके थे, परंतु विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि व्यवस्थाओं की इसी अनदेखी के चलते आज एक मासूम की जान चली गई। परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में तनाव, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।