श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहाँ भारतीय किसान यूनियन (BKU) महिला विंग की जिलाध्यक्ष आंचल मिश्रा का जला हुआ कंकाल पुलिस ने जंगल से बरामद किया है। आंचल बीते 17 फरवरी से लापता थी। पुलिस की जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सबको चौंका दिया है। आंचल की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके परिचित सूरज वर्मा ने पैसे की बढ़ती मांग और केस में फंसाने की धमकी से तंग आकर की थी।
बैठक का बहाना बनाकर घर से निकली थी आंचल परिजनों के अनुसार, 17 फरवरी को आंचल मिश्रा यह कहकर घर से निकली थी कि वह किसान यूनियन की एक जरूरी बैठक में शामिल होने जा रही है। जब वह वापस नहीं लौटी, तो उसके पति संतोष मिश्रा ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब आंचल के मोबाइल की लास्ट लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाली, तो सूरज वर्मा का नाम सामने आया। दोनों की लोकेशन घटना वाले दिन जंगल के पास पाई गई थी।
पैसे की डिमांड और ब्लैकमेलिंग बनी मौत की वजह पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी सूरज वर्मा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूरज ने बताया कि उसके और आंचल के बीच जान-पहचान थी, लेकिन आंचल लगातार उससे रुपयों की मांग कर रही थी। आरोपी का दावा है कि वह पहले भी उसे पैसे दे चुका था, लेकिन आंचल की डिमांड बढ़ती जा रही थी। जब सूरज ने पैसे देने से मना किया, तो उसने उसे झूठे कानूनी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।
गला दबाकर हत्या के बाद शव को जलाया ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर सूरज ने आंचल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। वह उसे बहाने से जंगल ले गया और मौका पाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उसने शव को जला दिया। पुलिस को झाड़ियों के बीच से आंचल का कंकाल, उसकी साड़ी और चूड़ियां मिली हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।