बोर्ड व परछी से घेर दिये जाने के कारण वाहन रखने जगह नहीं
दिलीप गुप्ता
सरायपाली:- नगर में अब गौरवपथ निर्माण के बाद सर्विस रोड व सहायक नाली बनाए जाने की संभावनाएं लगभग खत्म होती दिखाई दे रही है । अब नगरवासियों व व्यवसायियों को इसका लाभ मिलेगा या नहीं मिलेगा कहना मुश्किल है । इसी को ध्यान में रखते हुवे नगर के अंदर अनेक स्थानों पर दुकानदरों व मकान मालिकों द्वारा इस खाली पड़ी जगह का उपयोग या दुरुपयोग लोग करने लगे हैं । कोई बोर्ड लगाकर जगह घेर रहा है तो कोई परछी बनाकर घेर रहा है । अनेको ने तो नाली तक अवैध कब्जा कर लिया है । आखिर इन अवैध अतिक्रमण कारियों को यह समझ में क्यों व कब आएगी कि इस जगह का उपयोग वे सर्विस रोड बनते तक कम से कम ग्राहकों व उनके वाहनों के लिए सुरक्षित रूप से किया जा सकता है । इनके इस लापरवाही व मानसिकता के चलते ही ग्राहकों को अपनी वाहनों को सड़क में खड़ी करनी पड़ रही है । इसी वजह से सड़क पर ट्रैफिक की समस्या बढ़ रही है । किंतु इतनी तकलीफों के बावजूद स्थानीय , नगरपालिका व पुलिस प्रशासन द्वारा कोई आवश्यक कदम इसके रोकथाम के लिए नहीं उठाया जा रहा है ।
ज्ञातव्य हो कि नगर में बेहतर , सुरक्षित ,सुगम व धूलरहित यातायात व्यवस्था हेतु वर्षों से नगरवासी गौरवपथ निर्माण की मांग कर रहे थे । किंतु मांग तो मानी गई किंतु कुछ लोगों के कारण तथा पूर्व नपाध्यक्ष व पूर्व प्रभारी नपाध्यक्ष के दोषपूर्ण प्राक्कलन बनाए जाने के कारण गौरवपथ के लाभ से नगरवासी वंचित हो रहे हैं । तुष्टिकरण , वोट की राजनीति व चुनावी सफलता के स्वार्थवश गौरवपथ के प्राक्कलन , दोषपूर्ण व घटिया निर्माण ने गौरवपथ का गौरव ही समाप्त के दिया । प्राक्कलन में मुख्य नाली के बाद सर्विस रोड व सहायक नाली निर्माण किए जाने का भी प्रस्ताव होना बताया जा रहा है । सर्विस रोड निर्माण से दुकानदारों व ग्राहकों को वाहनों को खड़ी किये जाने की सुविधा मिलती । इससे मुख्य गौरवपथ में वाहनों के खड़े होने की समस्या भिवदुर हो जाती । पर ऐसा नहीं हुआ । जिस स्थान को सर्विस रोड के लिए छोड़ा गया था वहां व उसके आगे नाली तक लोग अपना सामान , ठेला आदि लगाकर जानबूझकर गौरवपथ में यातायात को प्रभावित कर रहे हैं । जिसके चलते वाहनों को न चाहते हुवे भी सड़क में खड़ी करना मजबूरी हो जाती है । किंतु इस समस्याओं से संभवतः नगरवासियों व व्यवसायियों को कोई लेना देना नहीं है । इस गंभीर विषय पर न दुकानदार और न ही विभिन्न व्यवसायिक संघ , ठेला संघ , स्थानीय प्रशासन को कोई लेना देना है ।
पुलिस व नगरपालिका भी कोई कार्यवाही करते दिखाई नहीं दे रही है ।
नगरपालिका द्वारा घोषणा कर दी जाती है पे कार्यवाही के नाम से हमेशा पीछे हट जाती है वह ऐसा क्यों करती है यह समझ से परे है । दुकानदारों द्वारा सर्विस रोड में किए गए अतिक्रमण , बोर्ड , वगैरह को तत्काल प्रभाव से हटाकर इन सभी सामानों की जप्ती बनाकर कार्यवाही की जानी चाहिए साथ ही सर्विस रोड वाली जगह को जेसीबी के माध्यम से खाली जगह को समतलीकरण कर अतिक्रमण कारियों को सख्त चेतावनी भी देनी चाहिए । इन खाली स्थानों का उपयोग गाड़ियों को खड़ी किये जाने से गौरवपथ में ट्रैफिक जाम की स्थिति से काफी हद तक छुटकारा भी मिल सकेगा ।