अम्बिकापुर। रक्षित केंद्र अम्बिकापुर में आज दिनांक 20/02/26 को जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा ली गई। परेड के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट को बारीकी से देखा गया। बेहतर और सुसज्जित वेशभूषा धारण करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजेश कुमार अग्रवाल ने इनाम देकर प्रोत्साहित किया। जनरल परेड के दौरान पुलिस बल की अलग-अलग टोलियां बनाकर परेड अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर परेड की मधुर धुन बिखेरने वाली सुसज्जित पुलिस बैंड टीम का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शासकीय वाहनों और शस्त्रागार का बारीकी से निरीक्षण
जनरल परेड के संपन्न होने के पश्चात डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने वाहन शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी शासकीय वाहनों की बारीकी से जांच की और ड्राइवरों को वाहनों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही ड्राइवर डायरी को समय पर अपडेट (अद्यतन) रखने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन के शस्त्रागार और स्टोर शाखा का भी जायजा लिया। यहाँ शस्त्रों (आर्म्स एम्युनेशन) के बेहतर रखरखाव और संबंधित रिकॉर्ड को सही तरीके से संधारित करने के कड़े निर्देश दिए गए।

पुलिस कल्याण और बैंक सुविधाओं पर जोर
निरीक्षण के दौरान राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस विभाग द्वारा अधिकारियों और जवानों की सुविधा के लिए संचालित पुलिस कल्याण कैंटीन और पुलिस बैंक का भी अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.), रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित विभिन्न थानों, चौकियों और कार्यालयों से कुल 146 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।