मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में पुलिस की अनोखी रणनीति आखिरकार रंग ले आई। शराब तस्करी के एक शातिर आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने उस पर महज 1 रुपये का प्रतीकात्मक इनाम घोषित किया, जो उसके लिए सबसे बड़ा दबाव बन गया। सामाजिक बदनामी के डर से आरोपी ने खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले एक महीने से फरार था और उसके खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह चार महीने पहले ही शराब तस्करी के एक मामले में जेल से बाहर आया था, लेकिन रिहाई के बाद दोबारा अवैध शराब कारोबार में सक्रिय हो गया।
नरसिंहपुर पुलिस ने आरोपी पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया। 1 रुपये के इनाम की सार्वजनिक घोषणा ने उसकी तथाकथित दबंग छवि को तोड़ दिया, जिसके बाद उसने खुद को कानून के हवाले कर दिया।
सरेंडर के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की रणनीति से फरार अपराधियों पर असर पड़ रहा है और आगे भी ऐसे प्रयोग किए जाएंगे।