बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के यौन शोषण का एक अत्यंत गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी सौतेले पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी का लंबे समय तक शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। अस्पताल में उपचार के दौरान नाबालिग ने एक बच्चे को जन्म दिया है। पुलिस ने आरोपी को शिवरीनारायण मेले से भेष बदलकर फरारी काटते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
बिल्हा थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता दूसरे जिले के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिन पहले हॉस्टल में खेलते समय उसके पेट में अचानक तेज दर्द हुआ, जिसके बाद प्रबंधन ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरी जांच में पता चला कि नाबालिग आठ माह की गर्भवती है। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारियों ने जब नाबालिग से पूछताछ की, तो उसने अपने सौतेले पिता द्वारा किए गए कृत्य की जानकारी दी।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना बिल्हा क्षेत्र की होने के कारण केस डायरी यहां ट्रांसफर की गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर भेष बदलकर भीख मांग रहा है। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण मेले में छिपा हुआ है।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेले में दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य कानूनी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।