Raipur Crime News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में नशे के सौदागरों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एक हैरान करने वाला तरीका अपनाया, लेकिन मुखबिर के जाल ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो मासूमों के खिलौनों की आड़ में प्रतिबंधित नशीली गोलियों का काला कारोबार कर रहे थे।
खिलौने के बॉक्स में छिपा था नशा
नॉर्थ जोन पुलिस को सूचना मिली थी कि कलिंग नगर के सीएसईबी मैदान के पास दो युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं और ग्राहकों की तलाश में हैं। जब पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ‘सिद्धू बाघ’ और ‘रोहित कुमार’ नामक इन युवकों को दबोचा, तो तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद खिलौनों के डिब्बों से 676 नग प्रतिबंधित निट्रॉजपैम (Nitrazepam) टैबलेट बरामद हुईं। आरोपी इन टैबलेट्स को उड़ीसा से लाकर रायपुर के युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
चाकू और मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से न केवल नशीली दवाइयां, बल्कि एक बटनदार घातक चाकू, तीन मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली दोपहिया वाहन भी जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपए आंकी गई है।
कड़ी कार्रवाई की तैयारी
डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक देवेंद्र नगर और दूसरा गुढ़ियारी का रहने वाला है। पुलिस अब इनके ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उड़ीसा में इन्हें माल कौन सप्लाई कर रहा था और रायपुर में इनके मुख्य खरीदार कौन हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
सिद्धू बाघ (30 वर्ष): निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, रायपुर।
रोहित कुमार (25 वर्ष): निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी, रायपुर।