बीजापुर
बीजापुर:-गंगालूर स्थित पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय में तीन छात्राओं के गर्भवती होने की खबर को लेकर उठे विवाद के बीच सर्व आदिवासी समाज द्वारा गठित जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में इस खबर को ‘अर्धसत्य’ बताया है।
समिति का गठन संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर के निर्देशन में किया गया था, जिसका नेतृत्व जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी ने किया। जांच दल 19 मार्च को गंगालूर पहुंचा और मामले की विस्तृत पड़ताल की। टीम में कमलेश पैंकरा, कुंवर सिंह मज्जी, अमित कोरसा, सीताराम मांझी, कामेश्वर दुब्बा, श्रवण सैंड्रा और सुखराम कोवासी सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

जांच के दौरान समिति ने संबंधित छात्राओं से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि एक छात्रा सितंबर माह से ही विद्यालय में अनुपस्थित थी, जबकि अन्य दो छात्राएं नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ से ही विद्यालय नहीं आई थीं। वर्तमान में तीनों छात्राएं अपने-अपने ससुराल में रह रही हैं।
समिति के अनुसार परीक्षा के दौरान जब छात्राएं विद्यालय पहुंची थीं, तब गांव के कुछ लोगों द्वारा उनसे पूछताछ की गई थी, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया और गर्भवती होने की खबर फैल गई।
जग्गूराम तेलामी ने गोंडवाना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की अभी विस्तृत जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने रखा जाएगा।