रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की नई टीम का ऐलान दिवाली के बाद होने वाला है। प्रदेश के संभाग और जिलों के दौरे पर निकले भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने पदाधिकारियों के चयन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने अपनी लिस्ट बीजेपी कोर कमेटी को सौंपनी है, जिसके पास से नाम फाइनल होने के बाद टीम की घोषणा की जाएगी।

चयन में प्राथमिकता संघर्षशील युवाओं को
भाजयुमो सूत्रों के अनुसार, राहुल टिकरिया पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देंगे। नई कार्यकारिणी में कुछ पुराने पदाधिकारियों को प्रमोट भी किया जाएगा।
भाजयुमो नेताओं का कहना है कि नए पदाधिकारियों का चयन शिक्षा, अनुभव और पार्टी के लिए संघर्ष को ध्यान में रखकर किया जाएगा। टीम में मुख्य रूप से 32 से 35 साल के कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। राहुल टिकरिया ने एक महीने पहले ही संगठन की कमान संभाली है और तब से प्रदेश के दौरे जारी हैं।
युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना और युवाओं को जोड़ना भाजपा की रणनीति का हिस्सा है। टिकरिया का कार्यकाल इसलिए महत्वपूर्ण हो सकता है क्योंकि वे युवाओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं और उनके मुद्दों और सुझावों को गंभीरता से ले रहे हैं।
संगठन सूत्र बताते हैं कि टीम में कई नए चेहरे शामिल हो सकते हैं और कुछ अनुभवी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शक के रूप में रखा जाएगा ताकि संगठन में संतुलन बना रहे।
पद संभालने के बाद विवादों का सामना
राहुल टिकरिया ने 26 अगस्त को भाजयुमो का पदभार संभाला था। इसके बाद उनके खिलाफ कुछ विवादित आरोप लगे, जिन्हें उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष की साजिश करार दिया। भाजपा नेताओं की तरफ से सिविल लाइन थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
अध्यक्ष का बयान
भाजयुमो अध्यक्ष ने दैनिक भास्कर से चर्चा में कहा कि वे अभी संभागों का दौरा कर रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर टीम गठन की प्रक्रिया जारी है। लिस्ट तैयार कर प्रदेश संगठन की कोर कमेटी को भेजी जाएगी। वहां से नाम फाइनल होने के बाद टीम की सार्वजनिक घोषणा की जाएगी।