रायपुर। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकदी व मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। मामले में अब तक जीआरपी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार यह घटना नहरपारा निवासी गजालुद्दीन के साथ हुई। वह नागपुर जाने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
हमलावरों ने अचानक चाकू निकालकर गजालुद्दीन के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी करीब आठ हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घायल अवस्था में युवक प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा, जिसे बाद में प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।