छत्तीसगढ़ में गर्मी का सितम, तापमान 40 डिग्री के करीब, जल्द राहत के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रदेश का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते दिनों राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। फिलहाल अगले तीन दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद आने वाले चार दिनों में पारा 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने 13 मार्च के लिए बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में चेतावनी जारी की है। यहां गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।

प्रदेश में मौसम का हाल

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम प्रणाली और पूर्वानुमान

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि झारखंड से होते हुए बिहार से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव की स्थिति बन रही है। आज प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा और फिलहाल किसी बड़ी चेतावनी की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, दो दिन बाद प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज 12 मार्च को हल्के कोहरे या धुंध की स्थिति बनी रहेगी। यहाँ अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *