घर की नौकरानी ने ही मालिक को दिया झांसा, 20 लाख के सोने-हीरे के गहनों पर किया हाथ साफ; 24 घंटे में गिरफ्तार

रमेश गुप्ता : दुर्ग: थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत चोरी के एक बड़े मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। घर में काम करने वाली महिला ने ही विश्वास का फायदा उठाते हुए करीब 20 लाख रुपये के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ किया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण: पद्मनाभपुर निवासी प्रार्थी राहुल जैन (निवासी HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने) ने घर से सोने और हीरे के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक संदेही महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला पहले से ही प्रार्थी के घर में घरेलू कामकाज करती थी और उसने परिवार के विश्वास का फायदा उठाकर इस चोरी को अंजाम दिया था।

आरोपी और जप्त सामग्री: पुलिस ने आरोपी कविता देशलहरे (उम्र 36 वर्ष, निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए निम्नलिखित आभूषण विधिवत जप्त किए गए हैं:

एक नग हीरे जड़ी सोने की चैन

दो नग मंगलसूत्र

एक नग नेकलेस

दो नग कान के झुमके

एक नग चांदी का करधन

एक नग बड़ी पायल

एक नग छोटी पायल

दो नग बिछिया

पुलिस की टीम और अपील: इस सफल खुलासे में थाना प्रभारी राजकुमार लहरें एवं पद्मनाभपुर थाना स्टाफ की विशेष और प्रभावी भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *