गांव के प्रत्येक घरों से की गई फूलों की वर्षा
दिलीप गुप्ता
सरायपाली :- जय जवान जय किसान , भगवान सिंह यादव अमर रहे , जय हिन्द देशभक्ति नारों से पूरा अमरकोट गांव गूंज उठा । हजारो की संख्या में अंतिम संस्कार में भाग लेने पहुंचे लोग एक नजर अपने प्रिय जवान की झलक देखने उमड़ पड़े । भीड़ इतनी की संभालना मुश्किल हो रहा था । बेहद ही गमगीन माहौल में गार्ड ऑफ ऑनर व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्व.भगवान सिंह यादव के पुत्र लिमतम यादव द्वारा अपने पिता को मुखाग्नि दी । ज्ञातव्य हो कि पुत्र लिमतम यादव स्वयं अपने पिता की तरह ही सीआरपीएफ में ही पदस्थ है ।

सीआरपीएफ के जवान स्व.भगवान सिंह यादव के अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया विभागीय तौर पर सेना के असिस्टेंट कमांडर हेमंत शर्मा द्वारा पूरी की गई ।
ज्ञातव्य हो कि कल ही जवान भगवान सिंह यादव का बीजापुर में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया था । पोस्ट मार्टम की प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के बाद CRPF के असिस्टेंट कमांडर हेमंत शर्मा के नेतृत्व में शव को सेना के वाहन में सम्मान दो अन्य वाहनों के साथ आज तड़के सुबह ग्राम अमरकोट लाया गया । ग्रामीणों व अन्य क्षेत्र वासियों को “आज की जनधारा” व अन्य माध्यमों से सूचना मिली । आज सुबह से सैकड़ों की संख्या में लोग अमरकोट पहुंचने लग गए थे । घर में जब शव लाया गया तो ग्रामीणों के आंसू थम नहीं रहे थे ।
सर्वप्रथम जवान के शव को तिरंगे झंडे से लपेटा गया । सेना के जवानों ने जवानों ने कंधा देकर सेना की गाड़ी में रखा जिसे फूलों से सजाया गया था। जिसे ग्राम के सभी गलियों में घुमाया गया । अपने प्रिय जवान को अंतिम श्रद्धांजलि देने ग्रामीणों ने अपने अपने घरों के सामने रंगोली सजा रखे थे ।जहां जहां से भी यह शव यात्रा निकली लोग अपने अपने घरों के सामने खड़े होकर पुष्प वर्षा कर सम्मान किया । अंतिम यात्रा में ग्राम के सभी स्कूलों के छात्र छात्राएं भी शामिल हुई । श्रीराम मंदिर चौक में इस दौरान एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया । जहां सभी लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की । श्रद्धांजलि सभा को जिसे विधायक चातुरी नंद , पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल , रामलाल चौहान , पंडित पद्मालोचन महराज , जितेंद्र पटेल आदि ने जवान स्व.भगवान सिंह यादव के जीवनी पर प्रकाश डालते हुवे उनके आकस्मिक निधन पर ग्राम को अपूरणीय क्षति बताते हुवे श्रद्धांजलि अर्पित की गई । ग्राम व क्षेत्र में यह पहली बार देखा गया कि अपने प्रिय जवान को अंतिम श्रद्धांजलि देने व अंतिम यात्रा में महिलाएं व बच्चे भी शामिल हुवे ।

अमरकोट के मुक्तिधाम में ग्राम पुरोहित पंडित पद्मालोचन महाराज के सानिध्य में सभी अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया । यहां जवान स्व.श्री यादव को CRPF के असिस्टेंट कमांडर हेमंत शर्मा के नेतृत्व में जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ ही सलामी दी गई । वहीं उनके द्वारा सभी विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण की गई । मुखाग्नि देने के पूर्व ग्राम पुरोहित पद्मालोचन महाराज द्वारा 11 पंडितों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार का पाठ किया गया । पश्चात स्व.यादव के पुत्र लिमतम यादव द्वारा मुखाग्नि दी गई । जैसे ही चिता में आग प्रज्ज्वलित हुई स्व.यादव अमर रहे के गगनभेदी नारे लगाए गए । चिता पूर्ण रूप से जलने के बाद ही लोग भरी मन से अपने घर वापस लौटे ।
इस पूरे अंतिम संस्कार के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने व सेना के जवानों के सहयोग के लिए सरायपाली आरक्षी केंद्र के टीआई नितेश ठाकुर व नंदकिशोर सिन्हा (ASI)अपने सुरक्षा बलों के साथ सुबह से ही मौजूद थे ।