ATF Price Hike: विमानों में इस्तेमाल किए जाने वाले एटीएफ यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में लगातार दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है। एटीएफ की कीमतों में इस बार 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जिसका सीधा असर एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत पर पड़ेगा। एटीएफ की नई दरें आज 1 अगस्त से लागू हो गई हैं। लगातार दूसरी बार एटीएफ की कीमतों में बढ़ोतरी होने से हवाई यात्रा भी महंगी हो सकती है। इंटरनेशनल स्टैंडर्ड रेट में उतार-चढ़ाव को देखते हुए एटीएफ की कीमतों में ये ताजा बढ़ोतरी की गई है। पब्लिक सेक्टर की कंपनियों के अनुसार, राजधानी दिल्ली स्थित देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में से एक इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर एटीएफ की कीमत 2677.88 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 2.9 प्रतिशत बढ़कर 92,021.93 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।
पिछले महीने 7.5 प्रतिशत महंगा हुआ था एटीएफ
बताते चलें कि इससे पहले, 1 जुलाई को एटीएफ की कीमतों में 7.5 प्रतिशत (6271.5 रुपये प्रति किलोलीटर) की भारी बढ़ोतरी की गई थी। जिसके बाद, अब एटीएफ के दाम 2677.88 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। बताते चलें कि जुलाई में कीमतें बढ़ने से पहले लगातार 3 बार (अप्रैल, मई और जून) एटीएफ की कीमतों में कटौती की गई थी। इन तीनों कटौतियों में कुल मिलाकर विमान ईंधन 12,239.17 रुपये प्रति किलोलीटर सस्ता हुआ था। इसके बाद, जुलाई और अगस्त में एटीएफ 8949.38 रुपये प्रति किलोलीटर महंगा हो गया है। जिससे 3 महीनों में हुई 12,239.17 रुपये प्रति किलोलीटर की कटौती लगभग तीन-चौथाई खत्म हो गई है।
मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में क्या हैं एटीएफ की नई कीमतें
एटीएफ की कीमतों में ये बढ़ोतरी ग्लोबल टेंशन और टैरिफ वॉर के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में आई तेजी के अनुरूप है। इस बढ़ोतरी से कमर्शियल एयरलाइन कंपनियों पर बोझ बढ़ेगा, जिनकी परिचालन लागत में एटीएफ का हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत होता है। आज से मुंबई में एटीएफ की कीमत 83,549.23 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़कर 86,077.14 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई, जबकि चेन्नई और कोलकाता में इसकी कीमत क्रमशः 95,512.26 रुपये और 95,164.90 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। वैट जैसे रीजनल टैक्स के प्रभाव के कारण, दरें अलग-अलग शहरों में अलग-अलग होती हैं।