तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में 4 युवकों की मौत, एक की हालत नाजुक

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चौरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिहोरा-माचागोरा रोड पर दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार युवकों ने अपनी जान गंवा दी है, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

पुलिया के पास हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना धनोरा गोसाई पुलिया के समीप हुई। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो लोग बैठे हुए थे। दोनों ही मोटरसाइकिलें अत्यधिक तेज रफ्तार में विपरीत दिशा से आ रही थीं। पुलिया के मोड़ के पास संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी युवक उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरे।

ग्रामीणों ने की मदद, अस्पताल में मचा हड़कंप हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे में जीवित बचे पांचवें युवक का उपचार जारी है, हालांकि उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह बताया है। चौरई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *