पक्का आवास बनकर तैयार, धान की बोनस राशि से घर में चढ़ेगा खुशियों का रंग ।
( अम्बिकापुर ) छत्तीसगढ़ सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से सरगुजा जिले के वनांचल क्षेत्रों में खुशहाली की नई बयार बह रही है।
जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरी के किसान झुन्ना सिंह के लिए इस बार की होली दोहरी खुशियाँ लेकर आई है।
एक ओर जहाँ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से उनका पक्का घर बनकर तैयार है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा अंतरित धान की बोनस राशि ने उनके त्यौहार के उत्साह को दोगुना कर दिया है।
कच्चे मकान की कठिनाइयों से मिली राहत :
अपनी आपबीती साझा करते हुए झुन्ना सिंह बताते हैं कि पहले वे एक कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर थे।
उन्होंने कहा कि, बरसात के दिनों में घर की छत से पानी टपकता था, जिससे पूरे परिवार और बच्चों को बहुत परेशानी होती थी।
उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके जीवनकाल में उनका खुद का पक्का घर होगा। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने उनके इस असंभव से दिखने वाले सपने को हकीकत में बदल दिया है। शासन से मिली किस्तों की सहायता और जमा पूंजी निवेश कर से आज उनका मजबूत पक्का मकान बनकर खड़ा है।
त्योहार से पहले खाते में आई बोनस राशि :
सिर्फ पक्का मकान ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा होली से ठीक पहले किसानों के खाते में अंतरित की गई धान की अंतर राशि (बोनस) ने झुन्ना सिंह की आर्थिक चिंताओं को दूर कर दिया है।
झुन्ना सिंह ने बताया, “मैंने इस साल धान बेचा था और मुझे उम्मीद नहीं थी कि होली से पहले बोनस मिल जाएगा। अचानक खाते में 43 हजार रुपये आने का संदेश मिला तो मेरी खुशी का ठिकाना न रहा। विष्णु भैया ने त्यौहार से पहले यह पैसा भेजकर हम जैसे गरीब किसानों की होली की खुशियां दोगुनी कर दी हैं।
‘प्रधानमंत्री आवास’ लिखवाने का लिया संकल्प :
झुन्ना सिंह ने गर्व के साथ कहा कि वे अपने नए घर के सामने ‘प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण’ अंकित करवाएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन मिला है।
उन्होंने कहा कि शासन की संवेदनशील पहल से ग्रामीण किसानों को समय पर आर्थिक संबल मिल रहा है, जिससे वे न केवल अपने सपनों का घर बना पा रहे हैं, बल्कि त्यौहारों को भी हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं।
- सरगुजा ( छ.ग .) हिंगोरा सिंह की रिपोर्ट ।