गैस पर दूध रखकर डॉक्टर के पास गया परिवार, बंद फ्लैट में आग लगने से सारा सामान जलकर राख

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेजिडेंसी सोसायटी में शुक्रवार दोपहर एक बंद फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बी टावर की तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से अचानक उठते धुएं ने पूरी सोसायटी में दहशत फैला दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते फ्लैट में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार फ्लैट निवासी मुकुल निगम और उनके परिजन घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य गैस चूल्हे पर दूध गर्म करने के लिए रखकर उसे धीमी आंच पर भूल गए और डॉक्टर के पास चले गए। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय तक चूल्हा जलते रहने के कारण दूध पूरी तरह जल गया, जिससे आग की लपटें गैस पाइपलाइन तक पहुंच गईं और पूरे घर में फैल गईं।

हादसे के वक्त फ्लैट का दरवाजा बंद था जिसके कारण आग लगने की जानकारी काफी देर से मिल सकी। पड़ोसियों ने जब खिड़की से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं तो तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन घर के भीतर रखा कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया।

दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गैस चूल्हे से जुड़ी लापरवाही ही आग का मुख्य कारण नजर आ रही है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *