उजड़ गया हसंता-खेलता परिवार: पत्नी की मौत का सदमा नहीं सह सका पति, 24 घंटे के भीतर दोनों ने दुनिया को कहा अलविदा

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ घरेलू कलह ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। रक्सा थाना क्षेत्र के पुनावली कला गांव में आपसी विवाद के बाद पहले पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी और इस सदमे को पति बर्दाश्त नहीं कर पाया। पत्नी की मौत के ठीक 24 घंटे बाद पति ने भी पेड़ से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दोहरी आत्महत्या से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मामूली विवाद और फिर मातम

जानकारी के मुताबिक, पुनावली कला निवासी मनोज अहिरवार का अपनी पत्नी वंदना से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि मनोज शराब पीकर घर आया था, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हुई। विवाद के बाद मनोज घर से बाहर चला गया, लेकिन जब वह वापस लौटा तो कमरे के अंदर पत्नी की लाश फंदे से लटकती मिली। पत्नी की मौत के बाद मनोज का रो-रोकर बुरा हाल था और वह बार-बार खुद को खत्म करने की बात कह रहा था।

अंतिम संस्कार से पहले ही उठाया खौफनाक कदम

पुलिस ने वंदना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन इस बीच मनोज अचानक गायब हो गया। परिजन उसे रात भर तलाशते रहे, पर उसका कहीं पता नहीं चला। अगली सुबह गांव के पास एक पेड़ पर मनोज की लाश फंदे से लटकी मिली। जिस घर में पत्नी की मौत का मातम चल रहा था, वहां पति की भी लाश पहुंचने से कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *