दिवंगत निरीक्षक रामसाय पैकरा के परिवार को मिली 1 करोड़ की सहायता, पुलिस सैलरी पैकेज के तहत हुआ बीमा राशि का भुगतान

जशपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के लिए बनाई गई महत्वाकांक्षी ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ योजना के तहत एक बड़ी सहायता राशि प्रदान की गई है। एसबीआई के अधिकारियों द्वारा जिला जशपुर के दिवंगत निरीक्षक रामसाय पैकरा की पत्नी मुनेश्वरी पैकरा को 1,00,00,000/- रू. (एक करोड़ रू. मात्र) का जीवन बीमा लाभ प्रदान किया गया है।

रामसाय पैकरा सरगुजा रेंज अंतर्गत जिला जशपुर में थाना प्रभारी नारायणपुर के पद पर पदस्थ थे। वे पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित चंदखुरी में सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में सम्मिलित होने गए थे। कोर्स समाप्ति के बाद 27.07.2025 को अपने घर सुरगांव सीतापुर आए थे, इसी दौरान घर में बिजली करंट की चपेट में आने से उनका असामयिक निधन हो गया था।

रामसाय पैकरा की पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर नियुक्ति जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में 01.06.1983 को हुई थी। उनकी पदोन्नति वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक, वर्ष 2004 में सहायक उप निरीक्षक, वर्ष 2009 में उप निरीक्षक और 2014 से निरीक्षक के पद पर हुई थी। वे सेवाकाल के दौरान विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके थे और वर्ष 2022 से जिला जशपुर में पदस्थ थे। सेवानिवृत्ति से करीब 6 माह पूर्व करंट लगने की दुर्घटना से उनका निधन हो गया। रामसाय पैकरा विभाग में बेहद सरल, सौम्य एवं व्यवहारकुशल व्यक्तित्व के धनी और अपनी जिम्मेदारियों को तत्परतापूर्वक निभाने वाले अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।

छत्तीसगढ़ शासन ने पुलिस कर्मियों के भविष्य के लिए ‘निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज’ के तहत भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ एमओयू किया है। इसी के तहत दिवंगत निरीक्षक की नॉमिनी पत्नी मुनेश्वरी पैकरा को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। यह चेक एसबीआई के उप महाप्रबंधक बिलासपुर आलोक रंजन, क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर अविनाश पाणिग्रही, मुख्य प्रबंधक अंबिकापुर शिरीष गीर एवं मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर चंदन राठौर द्वारा परिजनों को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने बैंक अधिकारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। यह सहायता न केवल परिवार को वित्तीय संबल प्रदान करती है, बल्कि विभागीय संवेदना और उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है।

एसबीआई निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत जिन पुलिसकर्मियों के वेतन खाते एसबीआई में संचालित होते हैं, उन्हें दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में 1 करोड़ रुपये और सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है। बैंक अधिकारियों ने अपील की है कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने वेतन खाते को इस पैकेज के तहत अनिवार्य रूप से रजिस्टर्ड करवाएं। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा ने रेंज के अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु भी बैंक अधिकारियों से चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *