ड्राइवर ने मालिक को लगाया 1 करोड़ से ज्यादा का चूना, जमीन में गड़े सोने का लालच देकर की ठगी

मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राचार्य अपने ही ड्राइवर के झांसे में आकर 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक गंवा बैठे। आरोपी ने जमीन में गड़े 7 किलो सोने की पोटली का लालच देकर पहले विश्वास जीता और फिर जेल भेजने का डर दिखाकर रकम ऐंठ ली।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है और आगे की जांच जारी है।


प्राचार्य को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, राकेश वर्मा डोलरिया के शासकीय कॉलेज में प्राचार्य पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने अंकित शर्मा नामक युवक को ड्राइवर के रूप में रखा था।

बताया गया कि जुलाई 2024 में वर्मा ने अपना एक मकान किराए पर दिया था और स्वयं कालिका नगर स्थित मकान में रहने लगे थे। इसी दौरान आरोपी ने उनसे करीबी संबंध बनाए और दावा किया कि उनके घर के नीचे 7 किलो सोना दबा हुआ है।


‘महाराज’ और तंत्र-मंत्र का सहारा

आरोपी ने प्राचार्य को अंधविश्वास के जाल में फंसाने के लिए एक कथित ‘महाराज’ का हवाला दिया। उसने घर में खुदाई कर एक पोटली निकलवाई और कहा कि इसे महाराज के सामने खोला जाएगा।

बाद में आरोपी ने कहानी बदलते हुए कहा कि पोटली उज्जैन में पुलिस के हाथ लग गई है और पूछताछ हो सकती है। उसने प्राचार्य को डराया कि पुलिस केस में उनका भी नाम आ सकता है और जेल जाना पड़ सकता है। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों से धीरे-धीरे 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली।


परिवार के खातों से भी लेन-देन

एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कुछ लेन-देन प्राचार्य की पत्नी और बेटे के माध्यम से भी हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि क्या इस ठगी में अन्य लोग भी शामिल थे और ठगी की रकम का उपयोग कहां किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास और लालच के झांसे में आकर किसी भी तरह की रकम का लेन-देन न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *