रायपुर, 22 सितंबर 2025: शारदीय नवरात्रि के पहले दिन राजधानी रायपुर में माता की प्रतिमाओं को लेकर तनाव बढ़ गया है। लोधीपारा क्षेत्र में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर आधारित माता की प्रतिमा ने विवाद को जन्म दिया। इस प्रतिमा में माता को शेर की सवारी करते हुए दिखाया गया है, जो एक बच्ची को बचाते हुए चोटिल अवस्था में नजर आती हैं।

कुछ संगठनों ने इस प्रतिमा का विरोध किया और इसे उनकी भावनाओं के खिलाफ बताया। विवाद की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने आयोजकों को चार घंटे के भीतर प्रतिमा हटाकर दूसरी प्रतिमा स्थापित करने का आदेश दिया।
स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि प्रतिमा का उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं, बल्कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ संदेश को लोगों तक पहुँचाना और जागरूकता फैलाना है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि प्रतिमा हटाने से पहले उनकी बात सुनी जाए और इसके संदेश को समझा जाए।
वर्तमान में प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच इस मुद्दे को लेकर तनातनी जारी है।