1 अप्रैल से शुरू होगी देश की पहली डिजिटल जनगणना! आपसे पूछे जाएंगे ये 33 सवाल, लिव-इन जोड़ों के लिए बदल गया बड़ा नियम

नई दिल्ली: भारत की 16वीं जनगणना के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। आगामी 1 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली यह कवायद देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, इस बार नागरिकों से 33 सवालों का एक विस्तृत सेट पूछा जाएगा, जो आने वाले दशक के लिए सरकारी योजनाओं का आधार बनेगा। खास बात यह है कि इस बार जनगणना में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे जोड़ों को भी ‘शादीशुदा’ का दर्जा दिया जाएगा, बशर्ते वे अपने रिश्ते को स्थिर मानते हों।

दो चरणों में संपन्न होगी प्रक्रिया जनगणना का पहला चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश को इस कार्य को पूरा करने के लिए 30 दिनों का समय मिलेगा। पहले चरण में ‘हाउसलिस्टिंग’ यानी घरों की सूची तैयार की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना होगी। मूल रूप से यह प्रक्रिया वर्ष 2021 में होनी थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे टाल दिया गया था, जो अब 2027 तक पूरी तरह संपन्न होगी।

सेल्फ-एन्युमरेशन और ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है। इसके माध्यम से लोग ‘सेल्फ-एन्युमरेशन’ यानी स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। घरों की लिस्टिंग शुरू होने से 15 दिन पहले यह विकल्प उपलब्ध होगा। पोर्टल पर जनता की सहायता के लिए अक्सर पूछे जाने वाले 33 सवालों (FAQ) की सूची भी दी गई है। जो लोग ऑनलाइन जानकारी नहीं भर पाएंगे, उनके घर गणना अधिकारी स्वयं पहुंचकर डेटा एकत्रित करेंगे।

पूछे जाएंगे ये 33 प्रमुख सवाल जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले सवालों में घर की बनावट से लेकर खान-पान तक की जानकारी शामिल है। अधिकारियों द्वारा घर के फर्श, दीवार और छत में इस्तेमाल सामग्री, परिवार के मुखिया का विवरण, समुदाय (एसटी, एससी या अन्य), मकान का मालिकाना हक और घर में उपलब्ध वाहनों (साइकिल, कार आदि) की सूची मांगी जाएगी। इसके अलावा परिवार में मुख्य रूप से सेवन किए जाने वाले अनाज और घर में रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या जैसे महत्वपूर्ण आंकड़े भी जुटाए जाएंगे। प्रक्रिया की शुरुआत स्थानीय प्राधिकरण द्वारा दिए गए भवन नंबर से की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *