मनरेगा के मिट्टी बांध से बदली चन्दौरा की सूरत, सचिव भीम सिंह ने महिला समूह के कुरकुरे का चखा स्वाद

प्रतापपुर – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर के सचिव भीम सिंह ने प्रतापपुर प्रवास के दौरान जिला सूरजपुर अंतर्गत जनपद पंचायत प्रतापपुर के ग्राम पंचायत चन्दौरा में मनरेगा अंतर्गत निर्मित मिट्टी बांध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि इस बांध के निर्माण से लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है, भू-जल स्तर में वृद्धि हुई है तथा अब किसान तीन फसलें ले पा रहे हैं। इसके साथ ही सब्जी उत्पादन कर किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं।


ग्रामीणों ने यह भी जानकारी दी कि बांध में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा मत्स्य पालन किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिले हैं। वहीं बांध के ऊपरी छोर पर जनपद पंचायत के सहयोग से किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे खेती और अधिक सशक्त हुई है।
इस अवसर पर सचिव भीम सिंह ने महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा कुटीर उद्योग के अंतर्गत तैयार किए जा रहे कुरकुरे का अवलोकन किया तथा स्वाद भी चखा। उन्होंने लागत एवं आय से संबंधित जानकारी प्राप्त की और समूह के कार्यों की सराहना की। सचिव ने कहा कि इस प्रकार की आजीविका एवं कुटीर उद्योग गतिविधियों को अन्य ग्राम पंचायतों में भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सचिव ने उपस्थित ग्रामीणों, महिला समूहों, ब्लॉक एवं जिला स्तर के अधिकारियों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए मार्गदर्शन दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले, कृष्ण मोहन पाठक ( एपीओ मनरेगा), अनिल कुमार तिवारी सीईओ जनपद पंचायत प्रतापपुर, निर्मल श्याम कार्यक्रम अधिकारी प्रतापपुर, मनोहर पैकरा, अलका कुजूर, ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव रोजगार सहायक और ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *