सक्ती। जिले के शिवम होटल में हुई युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका दिशा मरावी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उसे जातिगत गालियां देकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी योगेंद्र साहू को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है।
होटल के कमरे में मिली थी लाश
घटना की शुरुआत वार्ड नंबर 11, झूलकदम रोड निवासी 23 वर्षीय दिशा मरावी की मौत से हुई थी। दिशा की लाश सिंग ढाबा के ऊपर स्थित शिवम होटल के कमरा नंबर 105 में मिली थी। जांच में पता चला कि दिशा की मृत्यु तारपीन तेल से लगी आग की वजह से हुई थी। शुरुआत में यह मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन पुलिस की गहराई से की गई मर्ग जांच में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई।
जातिगत अपमान और मानसिक टॉर्चर
पुलिस जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ग्राम सकरेली कला निवासी योगेंद्र साहू, दिशा को लंबे समय से परेशान कर रहा था। योगेंद्र न केवल उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, बल्कि उसे बार-बार जातिगत गालियां देकर अपमानित भी करता था। आरोपी द्वारा डाले जा रहे लगातार दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर ही दिशा ने इतना आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। चूंकि मामला एसटी/एससी एक्ट से जुड़ा था, इसलिए इसकी कमान अनुविभागीय अधिकारी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा ने संभाली। पुलिस ने आरोपी योगेंद्र साहू को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और एसटी/एससी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 24 फरवरी को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। सक्ती पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कमजोर वर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।