रायपुर। : राजधानी रायपुर स्थित शदाणी दरबार में 10 मार्च से सतगुरु संत राजाराम साहिब जी का 66वां वार्षिक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर संत युधिष्ठिर लाल जी, मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या देवी साय, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोती लाल साहू, ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरचरण सिंह होरा, धमतरी महापौर रामू रोहरा, भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी और पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी सहित कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे। संत युधिष्ठिर जी ने चेयरमैन होरा का स्वागत कर उनके कार्यों की सराहना की।

इस दौरान ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरचरण सिंह होरा ने कहा कि सतगुरु संत राजाराम साहिब जी का जीवन समाज को सेवा, मानवता और सद्भाव का संदेश देता है। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में प्रेम, एकता और भाईचारा मजबूत किया जा सकता है। ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन लोगों को आपसी सद्भाव और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लगभग 200 गांवों और शहरों में किया जा रहा है, जिसे लोग घर बैठे देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रसारण केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश। गुजरात और तेलंगाना राज्यों में भी किया जा रहा है।

श्री होरा ने कहा कि सेवा करने का जो अवसर संत युधिष्ठिर लाल महाराज ने उन्हें दिया है, उसके लिए वे उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि शदाणी दरबार की भूमि अत्यंत पूजनीय है और उनका बचपन से ही संत जी से गहरा जुड़ाव रहा है। वे यहां आकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त करते हैं।