फरीदाबाद। हरियाणा की फरीदाबाद जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद अब्दुल रहमान नामक कैदी की हत्या कर दी गई है। रविवार देर रात एक अन्य कैदी अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट ने किसी नुकीली चीज से उस पर हमला कर दिया। वारदात के समय दोनों एक ही बैरक में बंद थे।
जेल अधिकारियों को घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। अधिकारी तुरंत बैरक में पहुंचे, लेकिन तब तक रहमान की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। सुरक्षा के लिहाज से जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मार्च 2025 में गुजरात एटीएस ने 20 वर्षीय अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ था कि वह प्रतिबंधित संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट (AQIS) के आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था। रहमान पर अयोध्या के राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप था।
वहीं, हमलावर कैदी अरुण चौधरी भी आपराधिक पृष्ठभूमि का है और अक्षय शर्मा हत्याकांड में आरोपी है। पंजाब में एक मुठभेड़ के बाद पकड़े गए अरुण को करीब दो साल पहले ही कठुआ जेल से नीमका जेल में स्थानांतरित किया गया था। इस हत्याकांड के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।