
रायपुर के तेलीबांधा इलाके में हुए गैंगवार और हत्याकांड मामले में पुलिस ने क्राइम सीन को दोबारा रिक्रिएट किया है। मुख्य आरोपी को लेकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की पूरी कड़ी को समझने की कोशिश की गई।
तेलीबांधा पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश विश्वकर्मा, आकाश विश्वकर्मा, अनुज यादव और रजत दोडिया शामिल हैं। बताया जा रहा है कि लोकेश और आकाश विश्वकर्मा आपस में सगे भाई हैं। रायपुर एसएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह गैंगवार गांजा बिक्री और इलाके में वर्चस्व को लेकर चल रही रंजिश का नतीजा है। पुलिस की टीम अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने पूरे इलाके की लाइट बंद कर दी थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से गैंगवार को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी, वहीं पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
इस गैंगवार का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवकों को दो युवकों पर चाकू से हमला करते हुए देखा जा सकता है। इस घटना में आदित्य कुर्रे नामक युवक की मौत हो गई, जबकि अभय सारथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अभय का इलाज फिलहाल जारी है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।