रायपुर में टीम प्रहरी अभियान: अवैध ठेलों और गुमटियों पर सख्त कार्रवाई, मुख्य मार्ग अतिक्रमण मुक्त

रायपुर। जिला कलेक्टर डॉ. गौराव सिंह के मार्गदर्शन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह एवं नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा जनहित एवं जन सुविधा की दृष्टि से संचालित टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत नगर निगम जोन क्रमांक-9 के महर्षि वाल्मीकि वार्ड क्रमांक-32 अंतर्गत अवंति विहार मुख्य मार्ग, गौरव पथ एवं विजय नगर चौक क्षेत्र में सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेलों एवं गुमटियों को हटाया गया। नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा राजधानी शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आमजनों को मुख्य मार्गों पर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

उल्लेखनीय है कि संबंधित दुकानदारों को पूर्व में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कदम उठाए गए।

नगर निगम ने पुनः निगम क्षेत्र के सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें। टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत अतिक्रमण रोधी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *