
बालोद जिले में सागौन तस्करी का एक और मामला सामने आया है। वन विभाग ने तांदुला नदी के किनारे कार्रवाई करते हुए सागौन की लकड़ी के 21 बड़े-बड़े गोले बरामद कर जब्त किए हैं। जब्त सागौन की अनुमानित कीमत लगभग 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह मामला हर्रा–ठेमा वन क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां किसी लकड़ी ठेकेदार द्वारा सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई कर पहले से गोले तैयार कर रखे गए थे। इसके बाद तस्करों की योजना थी कि इन लकड़ियों को तांदुला नदी के रास्ते बहाकर बालोद तक पहुंचाया जाए।
वन विभाग को समय रहते सूचना मिल गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर लकड़ी जब्त की गई और संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल तस्करों की पहचान और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले में पहले भी विभागीय अधिकारियों पर पद के दुरुपयोग और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप लगते रहे हैं, जिससे इस मामले में मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।