बीजापुर । स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 13 फरवरी 2026 को जारी नए राजपत्र को लेकर शिक्षकों में नाराजगी सामने आई है। छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ की बीजापुर इकाई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि यह राजपत्र एलबी संवर्ग के हितों के खिलाफ है।
जिला अध्यक्ष प्रहलाद जैन और जिला सचिव व संभागीय प्रवक्ता कैलाश रामटेके ने कहा कि पदोन्नति में एलबी संवर्ग को संख्या के अनुपात में पद नहीं दिए गए। उनका कहना है कि एलबी संवर्ग राज्य का बड़ा शिक्षक वर्ग है, लेकिन नए प्रावधानों में उनकी लंबी सेवा को महत्व नहीं मिला।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि राजपत्र जारी करने से पहले पदाधिकारियों से कोई राय नहीं ली गई। व्यायाम शिक्षक और ग्रंथपाल के पद खत्म करने, एबीओ पदोन्नति कोटा बढ़ाने और शिक्षा विभाग के कुछ पद राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को देने के फैसले पर भी आपत्ति जताई गई है।
शिक्षक संघ ने साफ कहा है कि यदि संशोधन नहीं किया गया तो प्रदेश स्तर पर बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। वसीम खान, विजय चापड़ी, शिव पूनेम, पूर्णचंद बेहरा और योगेश वासम सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी फैसले पर नाराजगी जताई है।