इंदौर में टैक्सी ड्राइवर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सब-इंस्पेक्टर पर रिश्वत और मारपीट का आरोप

इंदौर: शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक टैक्सी ड्राइवर द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिलिकॉन सिटी निवासी अभिषेक पाटिल ने मंगलवार को पलाश परिसर स्थित अपने किराए के फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड से पहले अभिषेक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया है, जिसमें उन्होंने राजेंद्र नगर थाने के एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) पर गंभीर प्रताड़ना और रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं।

घटनाक्रम के अनुसार, सोमवार रात अभिषेक की टैक्सी का एक अन्य कार से एक्सीडेंट हो गया था। अभिषेक ने अपने आखिरी वीडियो में दावा किया कि दुर्घटना में उनकी कोई गलती नहीं थी, इसके बावजूद एसआई ने उनकी कार छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। अभिषेक का आरोप है कि जब उन्होंने असमर्थता जताई, तो अधिकारी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जेल भेजने की धमकी दी।

वीडियो में अभिषेक ने यह भी कहा कि दूसरी कार का मालिक पुलिस अधिकारी का परिचित था। पुलिस ने उन पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का झूठा आरोप लगाने का प्रयास किया। अभिषेक कार की मरम्मत कराने के लिए तैयार थे, लेकिन पुलिस के बढ़ते दबाव और व्यवहार से वह बेहद परेशान थे।

अभिषेक ने वीडियो रिकॉर्ड कर अपने परिजनों को भेजा और उसके बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। वीडियो में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने थाने ले जाने वाले अन्य पुलिसकर्मियों के व्यवहार को सही बताया, लेकिन मुख्य आरोप एसआई पर ही लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *