22 राज्यों के 62 रेस्टोरेंट्स पर IT रेड, पकड़ी गई 408 करोड़ की टैक्स चोरी

नई दिल्ली: देश के नामचीन होटलों और रेस्टोरेंट्स की थाली में अब आयकर विभाग (Income Tax) ने ‘टैक्स चोरी’ का तड़का पकड़ा है। टैक्स छिपाने के आरोप में विभाग ने एक साथ 22 राज्यों के 46 शहरों में स्थित 62 बड़े रेस्टोरेंट्स पर छापेमारी की है। शुरुआती जांच में ही 408 करोड़ रुपये की अघोषित बिक्री का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई हैदराबाद की एक मशहूर बिरयानी चेन से शुरू हुई थी, जिसकी आंच अब दिल्ली, मुंबई और मुरथल के पराठों तक पहुंच गई है।

बिरयानी सॉफ्टवेयर से खुला 70,000 करोड़ का ‘राज’
जांच की शुरुआत नवंबर 2025 में हैदराबाद के मशहूर बिरयानी आउटलेट्स (पिस्ता हाउस, शाह गौस और महफिल) से हुई थी। वहां छापेमारी में न केवल करोड़ों का कैश और सोना मिला, बल्कि 60 टेराबाइट (TB) का डिजिटल डेटा भी हाथ लगा। जांच में पता चला कि ये रेस्टोरेंट एक खास बिलिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर रहे थे, जो असली बिलों को डेटा से डिलीट कर देता था। सॉफ्टवेयर लॉग्स खंगालने पर पता चला कि साल 2019-20 से अब तक करीब 13,317 करोड़ रुपये की बिक्री को कागजों से गायब कर दिया गया था।

AI टूल्स ने पकड़ी रेस्टोरेंट्स की चालाकी
सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (CBDT) ने इस बार पारंपरिक तरीकों के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड एनालिटिक्स का सहारा लिया। विभाग ने लगभग 1.77 लाख रेस्टोरेंट्स के ट्रांजैक्शनल डेटा का मिलान उनके द्वारा भरे गए इनकम टैक्स रिटर्न से किया। इसमें पाया गया कि कई रेस्टोरेंट अपनी असली कमाई का आधा हिस्सा भी सरकार को नहीं दिखा रहे थे।

46 शहरों में हड़कंप: इन जगहों पर हुई कार्रवाई
आयकर विभाग की टीमों ने 8 मार्च को एक साथ दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, शिमला, मुरथल, चंडीगढ़, लुधियाना, अहमदाबाद, और गुवाहाटी जैसे प्रमुख केंद्रों पर सर्वे किया। IT एक्ट के सेक्शन 133A के तहत किए गए इस सर्वे में अकाउंट बुक्स, कैश स्टॉक और बैंक खातों की गहन जांच की जा रही है।

‘सक्षम’ कैंपेन: सुधार का आखिरी मौका
आयकर विभाग ने अब SAKSHAM NUDGE कैंपेन शुरू किया है। इसके तहत देश भर के 63,000 रेस्टोरेंट आउटलेट्स को ईमेल और मैसेज भेजे जा रहे हैं। विभाग ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जिन रेस्टोरेंट्स ने अपनी कमाई छिपाई है, वे 31 मार्च 2026 तक अपना अपडेटेड रिटर्न (धारा 139(8A) के तहत) फाइल कर दें, अन्यथा कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *