T20 वर्ल्ड कप 2026 : कीवियों को धूल चटाकर भारत बना ‘सुलतान’, ये हैं फाइनल के वो 5 हीरो जिन्होंने रचा इतिहास

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 95 रनों से रौंदकर तीसरी बार विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम इंडिया दुनिया की सबसे सफल टी20 टीम बन गई है। पूरे मैच में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय शेरों के सामने बेबस नजर आई।

भारत की इस महाविजय के 5 मुख्य सूत्रधार ये रहे:

1. संजू सैमसन: फाइनल के ‘सुपरमैन’ संजू सैमसन ने इस पूरे टूर्नामेंट में बल्ले से आग उगली है। सेमीफाइनल के बाद फाइनल में भी उन्होंने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 46 गेंदों पर 89 रनों की तूफानी पारी खेली। 5 चौकों और 8 छक्कों से सजी इस पारी ने भारत को उस पहाड़ जैसे स्कोर तक पहुँचाया जहाँ कीवी टीम ढेर हो गई।

2. जसप्रीत बुमराह: यॉर्कर किंग का खौफ बुमराह ने एक बार फिर साबित किया कि वह दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज क्यों हैं। उन्होंने अपने स्पैल की पहली ही गेंद पर रचिन रविंद्र को आउट कर कीवियों की कमर तोड़ दी। इसके बाद नीशम, मैट हेनरी और सैंटनर को क्लीन बोल्ड कर उन्होंने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।

3. अक्षर पटेल: संकटमोचक स्पैल जब मैदान पर खतरनाक फिन एलन का कैच छूटा, तब मैच फंसता दिख रहा था। ऐसे में अक्षर पटेल ने अपनी चतुराई से न केवल एलन को चलता किया, बल्कि ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिचेल जैसे मैच फिनिशरों को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया।

4. अभिषेक शर्मा: निडर शुरुआत अभिषेक शर्मा ने फाइनल के दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया। उन्होंने मात्र 21 गेंदों में 52 रन बनाकर भारत को वो ‘रॉकेट स्टार्ट’ दी, जिससे कीवी कप्तान पूरी तरह दबाव में आ गए। उनके गगनचुंबी छक्कों ने पावरप्ले में ही जीत की नींव रख दी थी।

5. ईशान किशन: क्लास और पावर का संगम दूसरे छोर पर ईशान किशन ने अपनी क्लास दिखाई। उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए विशाल साझेदारी की और 25 गेंदों पर 54 रनों की पारी खेलकर कीवियों के हौसले पस्त कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *