घरघोड़ा में युवक की संदिग्ध मौत, बंद कमरे में खून से लथपथ मिला शव

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 8 में एक 20 वर्षीय युवक का शव उसके बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान अभिषेक विश्वकर्मा के रूप में हुई है। युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक रात को परिजनों के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। कुछ समय बाद कमरे के भीतर से किसी वस्तु के गिरने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन कमरे के पास पहुंचे और अभिषेक को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर भी कॉल किया, परंतु कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।

इसके बाद जब परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए। अभिषेक लहूलुहान अवस्था में फर्श पर पड़ा था और कमरे के बिस्तर व फर्श पर खून के छींटे बिखरे हुए थे। घटना की सूचना तत्काल घरघोड़ा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक मुआयना किया और रात अधिक होने के कारण साक्ष्यों की सुरक्षा के मद्देनजर कमरे को सील कर दिया। पुलिस अब मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *