मैगी खाने के बाद युवक की संदिग्ध मौत, बेटे की हालत देख सन्न रह गया पिता, जांच में जुटी पुलिस

मध्यप्रदेश के हरदा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मैगी खाने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह मामला हंडिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, खेड़ा ग्राम निवासी 25 वर्षीय अरविंद झिझोरे ने घर पर मैगी बनाई और खाने के बाद सोने चला गया। काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। मृतक के पिता सुरेश झिझोरे ने बताया कि अरविंद उनके दो बेटों में सबसे छोटा था।

पिता के मुताबिक, घटना के समय वे खेत पर गए हुए थे। शाम को जब वे घर लौटे और बेटे को जगाने की कोशिश की, तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था। यह दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। मामले को हर एंगल से जांचा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *