कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तांत्रिक क्रिया के दौरान तीन लोगों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े अशरफ मेमन सहित तीन व्यक्तियों के शव उनके बरबसपुर स्थित फार्महाउस में मिले। बताया जा रहा है कि तीनों बीती रात फार्महाउस में बैगा के साथ तांत्रिक पूजा करा रहे थे।
जानकारी के अनुसार मृतकों में कोरबा निवासी अशरफ मेमन, कोरबा का एक अन्य स्थानीय युवक और बिलासपुर निवासी एक युवक शामिल हैं। बताया गया है कि बिलासपुर निवासी बैगा राजेन्द्र कुमार ने उन्हें आश्वस्त किया था कि तांत्रिक विधि द्वारा वह पांच लाख रुपये को ढाई करोड़ रुपये में बदल सकता है। इसी दावे के चलते तीनों ने रात में तांत्रिक क्रिया कराई, लेकिन पूजा के दौरान अचानक तीनों की मौत हो गई।
बिलासपुर के अमेरी से आए अश्विनी कुर्रे ने बताया कि बैगा अपने एक साथी के साथ कमरे के अंदर था, जबकि वह और एक अन्य व्यक्ति बाहर थे। तांत्रिक क्रिया के दौरान बैगा ने एक-एक कर तीनों मृतकों को अंदर बुलाया और कथित रूप से नींबू देकर कमरे में बंद कर दिया। प्रत्येक व्यक्ति को 15 से 30 मिनट तक कमरे में रखा गया। जब दरवाजा खोला गया, तो सभी तीनों मृत पाए गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैगा सहित तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि तीनों व्यक्तियों की मौत जहर देने से हुई हो सकती है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस तिहरे मौत के मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है और लोग घटना को लेकर चिंतित हैं।