सक्ती में युवती की संदिग्ध मौत: मां का आरोप- तारपीन तेल छिड़ककर लगाई आग, बयान बदलने के लिए बनाया गया दबाव

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती में युवती दिशा मरावी की आग से झुलसने के लगभग 12 दिन बाद मौत हो गई। वह 24 जनवरी को एक होटल में युवक योगेंद्र साहू से मिलने गई थी, जहां आग लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान 2 फरवरी को उसकी मौत हो गई। आगे की कार्रवाई के लिए थाना तारबाहर से मर्ग डायरी का इंतजार किया जा रहा है। मृतिका की मां ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में तीन युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 11 निवासी दिशा मरावी सक्ती के शिवम होटल में योगेंद्र साहू से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद एक युवक उसे सक्ती के बिहान अस्पताल में छोड़कर चला गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की मां मीना मरावी ने पुलिस को दी शिकायत में योगेंद्र साहू पर साजिश के तहत तारपीन तेल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवती पर दबाव बनाया गया कि वह घटना को आत्मदाह बताए और स्थान भी बदलकर बताए। डर के कारण दिशा ने वही बयान दिया। मामले में बिलासपुर के तारबहार थाना में शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई और जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।

शिकायत में महेंद्र साहू का नाम भी लिया गया है, जिसके बारे में बताया गया कि दिशा उसे राखी बांधती थी। वहीं आशीष पटेल पर कार से अस्पताल पहुंचाने का जिक्र किया गया है।

एसडीओपी भुनेश्वरी पैकरा ने बताया कि 24 जनवरी को बिहान अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने जांच की थी और युवती को बिलासपुर रेफर कराया गया था। 2 फरवरी को उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है और तारबहार थाने से मर्ग डायरी आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *