एसईसीएल की दीपका खदान में श्रमिक की संदिग्ध मौत: परिजनों और साथी ड्राइवरों ने कलिंगा कंपनी के गेट पर किया चक्का जाम, मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर खदान का काम ठप

कोरबा। एसईसीएल की दीपका खदान में एक युवा श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजनों और साथी ड्राइवरों ने कलिंगा कंपनी के मुख्य गेट पर चक्का जाम कर दिया है, जिससे खदान का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है और मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मृतक की पहचान अण्डीकछार निवासी 32 वर्षीय जुरखन जांगड़े के रूप में हुई है, जो कलिंगा कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, जुरखन मंगलवार रात करीब 9:30 बजे अपनी दूसरी पाली की ड्यूटी करने खदान पहुंचा था, जहां संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, परिजनों और साथी कर्मचारियों का आक्रोश फूट पड़ा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना को दबाने के लिए कंपनी से जुड़े कुछ बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं और परिवार पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बना रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि उनके अधिकारों की लिखित गारंटी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी मिले और इस पूरे हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके साथ ही खदान में सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने की भी मांग उठाई गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *