अम्बिकापुर (सरगुजा)। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस टीम ने प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान कुल 32 बस एवं ट्रकों पर 64,600 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देश पर टीम सक्रिय भारी वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए न केवल परेशानी का सबब बनते हैं, बल्कि इनकी तेज आवाज लोगों के सुनने की क्षमता को भी प्रभावित कर रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने यातायात टीम को सख्ती के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में यातायात पुलिस टीम ने बस स्टैंड अंबिकापुर, रिंग रोड एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
मौके पर निकलवाए गए हॉर्न, दी गई समझाइश चेकिंग के दौरान अधिकतर बसों और ट्रकों में प्रेशर हॉर्न लगे पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही इन हॉर्न को निकलवाया और वाहन चालकों को निर्धारित आवाज वाले हॉर्न लगाने की हिदायत दी। अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अचानक तेज हॉर्न बजने से दूसरे वाहन चालक घबरा जाते हैं, जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
64,600 रुपये का समन शुल्क वसूल कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने कुल 32 भारी वाहनों के विरुद्ध चालान काटकर 64,600 रुपये का समन शुल्क वसूल किया। पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि यदि दोबारा प्रेशर हॉर्न लगा हुआ पाया गया, तो और भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
टीम की सक्रियता इस अभियान को सफल बनाने में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश केरकेट्टा, आरक्षक विनोद राजवाड़े, आलोक गुप्ता, दिनय सिंह, तुलेश, रामप्रताप राजवाड़े, और रामशंकर नगर सैनिक विजय साहू सक्रिय रहे।