रायपुर। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को व्यवस्थित करने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की पहल पर रायपुर पुलिस प्रशासन ने मालवीय रोड को नो वेंडिंग और नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। यह निर्णय चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में किए गए प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
28 जनवरी को हुई बैठक के बाद निर्णय
जानकारी के अनुसार 28 जनवरी 2026 को चेम्बर भवन में सतीश थौरानी की अध्यक्षता में नगर निगम और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई थी। बैठक में मालवीय रोड सहित जीई रोड और केके रोड पर ट्रैफिक अव्यवस्था, फुटपाथों पर अतिक्रमण और अवैध वेंडिंग की समस्या उठाई गई थी।
थौरानी ने प्रशासन से फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाने और बाजार क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने के लिए नो वेंडर जोन घोषित करने की मांग की थी।
व्यापारियों ने भी की कार्रवाई की मांग
मालवीय रोड शारदा चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष तरल मोदी और संघ के महामंत्री तथा चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने औपचारिक पत्र देकर क्षेत्र में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था और बढ़ते अतिक्रमण पर कार्रवाई की मांग की थी।
व्यापारियों का कहना था कि अव्यवस्थित पार्किंग और फुटपाथों पर कब्जों से ग्राहकों को परेशानी होती है और व्यापार प्रभावित होता है।
पुलिस की नई कार्ययोजना लागू
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला ने नई कार्ययोजना लागू की है, जिसके तहत
मालवीय रोड, जीई रोड और केके रोड पर ठेले और गुमटी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
प्रमुख तिराहों और चौक चौराहों से 50 मीटर की परिधि में सख्ती से नो पार्किंग जोन लागू रहेगा।
रिंग रोड 1 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ रोजाना विशेष अभियान चलाया जाएगा।
शहर के 18 प्रमुख चौराहों को लेफ्ट फ्री किया जाएगा ताकि यातायात सुगम रहे।
प्रशासन का मानना है कि इन कदमों से बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और ग्राहकों तथा व्यापारियों दोनों को राहत मिलेगी।
व्यापारियों में उत्साह
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने इसे व्यापारियों की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से ट्रैफिक और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे व्यापारियों को राहत मिलेगी और बाजार की रौनक लौटेगी। उन्होंने प्रशासन को धन्यवाद देते हुए सहयोग का आश्वासन भी दिया।
राजधानी में बाजारों को व्यवस्थित करने की दिशा में उठाया गया यह कदम आने वाले समय में व्यापार और यातायात व्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।