बॉक्स ऑफिस पर सनी पाजी की दहाड़ : बॉर्डर 2 ने 48 घंटे में ही धुरंधर’ को चटाई धूल

मुंबई। सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म ने अपने शुरुआती दो दिनों में ही ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड्स ताश के पत्तों की तरह ढह गए हैं। विशेष रूप से, रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ के कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए सनी पाजी ने अपनी बादशाहत साबित कर दी है।

सैकनिल्क (Sacnilk) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ ने भारत में पहले दिन ₹30 करोड़ की शानदार ओपनिंग के बाद दूसरे दिन (शनिवार) करीब ₹36.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इस तरह दो दिनों में फिल्म की कुल घरेलू कमाई ₹66.50 करोड़ तक पहुंच गई है। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने मात्र 48 घंटों में ₹95.75 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसे ₹100 करोड़ के क्लब की दहलीज पर खड़ा करता है।

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को पछाड़ा दिलचस्प बात यह है कि ‘बॉर्डर 2’ ने रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के दो दिनों के वर्ल्डवाइड कलेक्शन (₹90 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इतना ही नहीं, यह फिल्म सनी देओल के करियर की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म (नेट कलेक्शन के मामले में ‘गदर 2’ और ‘जाट’ के बाद) बन गई है, जिसने महज दो दिनों में ‘यमला पगला दीवाना’ और ‘बॉर्डर (1997)’ जैसी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।

गणतंत्र दिवस के लंबे वीकेंड और जबरदस्त ‘वर्ड ऑफ माउथ’ को देखते हुए ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि रविवार और सोमवार तक यह फिल्म ₹150 करोड़ से ₹180 करोड़ के आंकड़े को छू सकती है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी अहम भूमिकाओं में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *